Jharkhand

धनबाद में टेंडर को लेकर भिड़े ठेकेदार, स्थानीय-बाहरी विवाद में जमकर हुई मारपीट, 2 हिरासत में

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद भवन प्रमंडल कार्यालय में बुधवार को हंगामे के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. दो को हिरासत में लिया गया है. विवाद इसलिए हुआ कि धनबाद के ठेकेदार कह रहे थे कि हमलोगो को ही काम नहीं मिलता है ,बाहर से आप लोग टेंडर डालने क्यों पहुंच जा रहे हैं, विवाद इतना बढ़ा कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. टेंडर को लेकर बुधवार को उस वक्त जमकर हंगामा हो गया, जब स्थानीय और बाहरी संवेदकों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया. घटना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है. फिलहाल मामला थाने पहुंच गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. 

जानकारी के अनुसार, भवन प्रमंडल विभाग की ओर से करीब ढाई करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर निकाला गया था. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमशेदपुर के एक संवेदक एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी करने के लिए धनबाद भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान स्थानीय संवेदकों ने बाहरी संवेदक के कार्यालय पहुंचने का विरोध किया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.

स्थानीय संवेदकों का आरोप है कि धनबाद के संवेदकों को ही पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है. ऐसे में बाहरी संवेदकों को टेंडर के जरिए काम मिलना स्थानीय संवेदकों के हित में नहीं है. इसी को लेकर विरोध किया गया था. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. इधर, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कार्यालय परिसर में विवाद और मारपीट की स्थिति किन परिस्थितियों में उत्पन्न हुई.