☰
Jharkhand

धनबाद में चोरों का डबल अटैक! वासेपुर में बंद घर को निशाना बनाया तो निरसा में पचास लाख के मोबाइल और कैसे ले उड़े 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): वासेपुर और निरसा में चोरी की दो घटनाओं ने सनसनी फैला दी है. निरसा में पचास लाख की चोरी हुई है ,जबकि वासेपुर में दो लाख से अधिक की चोरी हुई है. दोनों घटनाओं ने पुलिस की नाईट पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े कर  दिए है.  कहीं बंद मकान को निशाना बनाया गया  है, तो कहीं दुकानों की दीवार काटकर  लाखों के मोबाइल  गायब कर दिए गए हैं. . वासेपुर और निरसा में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वासेपुर में चोरों ने बंद घर से नकदी और लाखों के गहनों पर हाथ साफ किया, जबकि निरसा में मोबाइल शोरूम में सेंधमारी कर 50 लाख से अधिक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए.

वासेपुर में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

पहली घटना वासेपुर के जब्बार मस्जिद कंपाउंड की है. यहां  बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया. बताया जाता है कि परिवार शादी समारोह में शामिल होने सिंदरी गया हुआ था. घर खाली देखकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर घुस गए. इसके बाद अलमारी और अन्य सामान खंगालकर नकदी की गड्डी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए.परिवार जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

निरसा में मोबाइल शोरूम की दीवार काटकर  50 लाख के फोन की चोरी

दूसरी बड़ी घटना निरसा चौक स्थित जामताड़ा रोड की है. गुरुवार देर रात अपराधियों ने केके मोबाइल जंक्शन को निशाना बनाया. चोरों ने शोरूम की पिछली दीवार में सेंधमारी कर प्रवेश किया और 50 लाख से अधिक महंगे मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए. चोरी गए मोबाइल की अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है.वारदात से पहले अपराधियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और उनके तार काट दिए. इसके बाद सैमसंग, ओप्पो, वीवो समेत कई कंपनियों के मोबाइल समेट लिए. दुकान के गल्ले में रखे करीब एक हजार रुपये भी गायब मिले.

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी 

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान की स्थिति देखकर मालिक कुणाल साव को सूचना दी. मौके पर पहुंचे कुणाल ने पीछे की दीवार टूटी हुई और दुकान के अंदर सामान बिखरा पाया. इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई.सूचना  पर निरसा थाना की पुलिस पहुंची और जांच शुरू की. अपराधियों की पहचान के लिए प्रखंड सह अंचल कार्यालय, निरसा बाजार और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाये  सवाल

घटना की जानकारी मिलने पर निरसा चिरकुंडा व्यापार मंडल सहयोग समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता मन्नू तिवारी, जिला परिषद सदस्य संजय सिंह , पिंटू, संजय महतो समेत कई लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने दुकानदार से घटना की जानकारी ली.लगातार हुई चोरी की इन घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी है. उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के दावे किए जाते हैं, लेकिन अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. अब सवाल यह है कि आखिर धनबाद में चोरों पर लगाम कब लगेगी और आम लोगों के घरों व कारोबार की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी.

रिपोर्ट -प्रकाश महतो