☰
Jharkhand

झारखंड के जमशेदपुर में गंदगी का अजूबा विरोध, मुहल्ले का कचड़ा कैसे पहुंच गया निगम कार्यालय? जानिए

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): रविवार को जमशेदपुर में एक अप्रत्याशित कार्रवाई हुई. शहर का कचड़ा साफ़ करने वाले विभाग के गेट पर कचड़ा जमा हो गया था. मानगो में रविवार को जो हुआ, वह सिस्टम पर एक बड़ा सवाल है. गंदगी का अम्बार, बदबू से परेशान लोग की शिकायत दूर नहीं हुई, तो कचरा उठाकर सीधे निगम के कार्यालय के सामने रख दिया गया था. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय नगर निगम की सफाई व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. 

निगम को विधायक ने दिया था सात दिनों का अल्टीमेटम 

जानकारी के अनुसार बगानशाही स्थित मुर्दा मैदान और वसुंधरा एस्टेट इलाके में जमा कचरे को लेकर दिए गए 7 दिनों के अल्टीमेटम की समय सीमा खत्म होने के बाद विधायक सरयू राय ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मैदान से कचरा उठवाया और उसको मानगो नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर रखवा दिया. इन इलाकों में लंबे समय से कचरा की समस्या उत्पन्न हुई थी. लोग परेशान थे, शिकायत मिलने के बाद विधायक ने हस्तक्षेप किया. उन्होंने मानगो नगर निगम को कचरा हटाने के लिए 7 दिनों  का समय दिया था. साथ ही चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय पर यदि सफाई नहीं हुई, तो कचरा नगर निगम कार्यालय पहुंचा दिया जाएगा.  

रविवार को अल्टीमेटम अवधि खत्म हुई तो हुआ एक्शन 

रविवार को समय सीमा समाप्त होने के बाद भी सफाई नहीं हुई थी, तो विधायक ने अपने अल्टीमेटीम पर कार्रवाई की. लोगों का कहना है कि  गंदगी और बदबू से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा था. लोग उम्मीद कर रहे थे कि नगर निगम जल्द सफाई करा देगा. लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से मामला अजूबा विरोध तक पहुंच गया. दरअसल मानगो नगर निगम की मेयर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी हैं. बन्ना गुप्ता और सरयू राय में राजनीतिक लड़ाई है. 2024 के विधानसभा चुनाव में सरयू  राय ने जमशेदपुर पश्चिम से बन्ना गुप्ता को पराजित किया था. निगम के चुनाव में भी दोनों में राजनीतिक दुश्मनी दिखाई दी थी.