Jharkhand

धनबाद के बरवाअड्डा में नहाने के दौरान तालाब में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मातम

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

धनबाद (DHANBAD):बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में तालाब में डूबने से 35 वर्षीय दिलीप हांसदा की मौत हो गई. गुरुवार तालाब से शव बरामद होने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.मिली जानकारी के अनुसार दिलीप हांसदा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे है.परिजनों ने बताया कि बुधवार दोपहर वह गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा.इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की.

रात भर खोजबीन करते रहे परिजन नहीं मिला सुराग

मृतक के भाई प्रकाश हांसदा ने बताया कि देर रात तक परिवार और ग्रामीणों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. गुरुवार सुबह ग्रामीणों की मदद से तालाब में दोबारा तलाश शुरू की गई. काफी मशक्कत के बाद दिलीप हांसदा का शव तालाब से बरामद किया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण भी इस घटना से काफी दुखी है.घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मामले की जांच में जुटी है पुलिस

जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना गोविंदपुर अंचलाधिकारी को दे दी गई है साथ ही मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है.

रिपोर्ट-नीरज कुमार