धनबाद (DHANBAD): बीसीसीएल की बेनीडीह प्रोजेक्ट में 19 सितंबर 2022 की रात सीआईएसएफ के साथ मुठभेड़ में चार लोगो की मौत हो गई थी. इस मामले में बाघमारा थाने में कांड दर्ज किया गया था. यह मामला उस समय बहुत चर्चित हुआ था. इस एनकाउंटर में जलालुद्दीन खान उर्फ शहजाद खान, मोहम्मद शमीम अंसारी, मोहम्मद अताउल्ला अंसारी उर्फ अतुल अंसारी, प्रतीम नोनिया की मौत हो गई थी.
घटना के बाद सीआईएसएफ के बड़े अधिकारी भी पहुंचे थे. मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की चार सदस्यों टीम बुधवार को धनबाद पहुंची है. बाघमारा थाना क्षेत्र का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी एकत्रित की. जांच के दौरान आयोग की टीम लोकल पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर भी गई. घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों और अन्य कर्मियों से पूछताछ की गई.
जानकारी के अनुसार आयोग की टीम ने ब्लॉक दो क्षेत्र के गेस्ट हाउस में मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किया. बयान दर्ज करने वालों में मृतक प्रीतम चौहान की पत्नी सोनिया देवी सहित अन्य मृतक के परिवार वाले थे. परिजनों ने आयोग के सामने अपनी बात रखते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की. जांच के दौरान ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब और बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल भी मौजूद रहे. सूत्र बताते हैं कि इसके अलावा चार स्वतंत्र गवाहों से भी जानकारी ली गई है.
