Jharkhand

बहन की शादी में जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, मातम में बदली खुशियां

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): जिले के बूढ़ेई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जो अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने जा रहा था. मृतक की पहचान देवीपुर थाना क्षेत्र के बाघमारी गांव निवासी राजा राय के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार मधुपुर में उसकी चचेरी बहन की शादी थी और परिवार में उत्सव का माहौल था. राजा अपने पिता के साथ टोटो में बैठकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा.

जानकारी के मुताबिक जैसे ही टोटो बूढ़ेई थाना क्षेत्र के पास पहुंची, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार राजा राय गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को वाहन की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए देवघर स्थित एम्स ले जाया गया. हालांकि चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच और इलाज शुरू करने के दौरान ही उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

राजा राय की मौत की सूचना मिलते ही उसके घर के साथ-साथ उस घर में भी मातम छा गया जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं. जिस परिवार में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और आंसुओं का माहौल बन गया. परिजन और रिश्तेदार इस हादसे से गहरे सदमे में हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ट्रक चालक की तलाश के साथ-साथ हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है.

रिपोर्ट- ऋतुराज सिन्हा