देवघर (DEOGHAR): पुलिस को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है. कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय युवक को अवैध कार्बाइन के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है. पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार खरीदकर देवघर लाता था और यहां उनकी बिक्री करता था.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की तैयारी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में छापेमारी शुरू की और संदिग्ध स्थान की घेराबंदी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक मौके से भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया. युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से कार्बाइन, दो मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुआ.
रोहिणी का रहनेवाला है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान सूरज कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह जसीडीह क्षेत्र के रोहिणी स्थित परमेश्वर चौक का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, सूरज का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. इस मामले में कुंडा थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
मुंगेर से हथियार लाकर देवघर में बेचने का दावा
देवघर पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि सूरज बिहार के मुंगेर जिले से अवैध हथियार खरीदकर देवघर लाता था और यहां उनकी बिक्री करता था. इस खुलासे के बाद पुलिस ने उससे जुड़े पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई है.अब जांच का अहम पहलू यह है कि बरामद कार्बाइन का स्रोत क्या था. हथियार किस व्यक्ति से खरीदा गया और देवघर में इसके संभावित खरीदार कौन थे. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं. पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
रिपोर्ट – प्रशांत कुमार
