Jharkhand

आधी रात गुटर-गु करने महिला के घर जा पहुंचे मुखिया जी, ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर की कुटाई, VIDEO वायरल

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): देवघर जिले के सारठ विधानसभा क्षेत्र में एक पंचायत मुखिया पर देर रात एक महिला के घर में घुसकर कथित तौर पर गलत हरकत करने का आरोप लगा है. आरोप लगते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुखिया को पकड़कर रस्सी से बांध दिया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है.

मामला पथरड्डा ओपी क्षेत्र के केराबांक पंचायत का बताया जा रहा है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत के मुखिया सागर मंडल पर आरोप है कि वह देर रात अलकुसा गांव स्थित एक घर में जबरन घुस गए. पीड़ित परिवार का दावा है कि घर में मौजूद महिला के साथ उन्होंने गलत नीयत से जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. आरोपों से नाराज लोगों ने मुखिया को पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर वहीं बंधक बना लिया. बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात घटनास्थल पर पहुंची और मुखिया को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. ग्रामीणों की शिकायत और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मुखिया सागर मंडल खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह ग्रामीणों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बता रहे हैं. हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से नहीं की गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी. फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा