☰
Jharkhand

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कल आएंगे देवघर, एम्स के दीक्षांत समारोह और सेवा संपर्क मेला में होंगे शामिल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर(DEOGHAR):  भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कल यानी शनिवार को देवघर के दौरे पर आएंगे. उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका बाबा नगरी का पहला दौरा होगा. इस दौरान वह देवघर एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके अलावा दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की ओर से आयोजित सेवा संपर्क मेला के समापन समारोह में भी शामिल होंगे. इसी कड़ी में उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और इसके लिए मोक ड्रिल भी कराया.

बता दें, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन झारखंड के राज्यपाल रह चुके हैं. उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार दिल्ली से विशेष विमान द्वारा सुबह लगभग 8 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे उसके बाद करीब 11 बजे झारखंड एम्स के लिए रवाना होंगे जहां एम्स के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शिरकत कर वहां के प्रबंधन और छात्रों को मनोबल बढ़ाएंगे. दो घंटे एम्स में बिताने के बाद दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की ओर रवाना होंगे जहां दो दिवसीय सेवा संपर्क मेला का समापन समारोह का हिस्सा बनेंगे.

देवघर एयरपोर्ट से लेकर एम्स, दर्दमारा स्थित कार्यक्रम स्थल और वापसी के रास्ते तक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है. प्रोटोकॉल के मुताबिक, सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में जिला प्रशासन की ओर से उपराष्ट्रपति के संभावित रूट पर मॉक ड्रिल भी किया गया. इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था की जांच करना और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना है. प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा टीमों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि उपराष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.

रिपोर्ट -प्रशांत कुमार