देवघर (DEOGHAR): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवघर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला. शहर के नगर स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में झारखंड सरकार के जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में नजर आया. ध्वजारोहण के बाद मंत्री हफीजुल हसन ने झारखंड सशस्त्र पुलिस, जिला पुलिस और स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया. परेड में जवानों के साथ स्कूली विद्यार्थियों ने भी अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ परेड में शामिल जवानों और बच्चों का उत्साह बढ़ाया.
स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सुविधाएं और विकास का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया. मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचना जरूरी है. उन्होंने आम लोगों से भी योजनाओं का लाभ लेने के साथ अपने आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की.
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सेनानियों को याद किया गया. मंत्री हफीजुल हसन ने स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया. सम्मान मिलने पर उनके परिजनों में भी भावुकता देखने को मिली. इस मौके पर देश की आजादी के लिए अपना योगदान देने वाले वीरों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में बेहतर और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया. मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति देकर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि बेहतर काम करने वालों का सम्मान दूसरों को भी जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम में जिले के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे. पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा.
रिपोर्ट : प्रशांत कुमार
