Jharkhand

श्रावणी मेला 2026: तैयारियों का जायजा लेने देवघर पहुंचे पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, 29 जुलाई को होगा उद्घाटन

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
श्रावणी मेला 2026: तैयारियों का जायजा लेने देवघर पहुंचे पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, 29 जुलाई को होगा उद्घाटन

देवघर (DEOGHAR) : 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मेला के औपचारिक उद्घाटन का कार्यक्रम 29 जुलाई को झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा में होगा. इससे पहले सभी विभागों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए देवघर परिसदन में बाबा बैद्यनाथ धाम-बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकरण (श्राइन बोर्ड) की बैठक पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई.

विस्तार से चर्चा

बैठक में देवघर और दुमका के उपायुक्त समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, सचिव, जनप्रतिनिधि, महापौर और बासुकीनाथ नगर परिषद के अध्यक्ष मौजूद रहे. बैठक में मेला के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक से पहले पर्यटन मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर, क्यू कॉम्प्लेक्स, कांवरिया पथ, टेंट सिटी, शिविर, आवासन, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और झारखंड बॉर्डर तक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.

हर साल सावन में लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर 108 किलोमीटर की कांवर यात्रा के बाद देवघर पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवरिया पथ पर चिकित्सा, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, आवासन, स्वच्छता और सुरक्षित जलार्पण जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

बेहतर समन्वय के साथ कार्य

पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव और अच्छी यादों के साथ अपने घर लौटेंगे.

श्रद्धालुओं से अपील

मंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी नियमों का पालन करें. उन्होंने कहा कि देवघर और बासुकीनाथ पहुंचने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं का जिला प्रशासन करबद्ध होकर स्वागत करेगा और उनकी सुरक्षा व सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा.

रिपोर्ट – ऋतुराज सिन्हा