Jharkhand

श्रावणी मेला 2026: बाबा के भक्तों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, जसीडीह-देवघर-बासुकीनाथ के बीच दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
श्रावणी मेला 2026: बाबा के भक्तों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, जसीडीह-देवघर-बासुकीनाथ के बीच दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें

रांची (RANCHI): श्रावणी मेला 2026 में बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. इस अवधि में जसीडीह, बैद्यनाथ धाम, देवघर, बासुकीनाथ, गोड्डा और जमालपुर के बीच मेमू, डेमू और पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन होगा. रेलवे का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और समय पर यात्रा उपलब्ध कराना है.

दरअसल हर वर्ष श्रावणी मेले में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचते हैं. इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रेल सेवाओं के साथ भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी की है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

जसीडीह- बैद्यनाथ धाम के बीच रोजाना तीन जोड़ी मेमू स्पेशल

श्रद्धालुओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण रेल मार्ग जसीडीह से बैद्यनाथ धाम के बीच रहेगा. इस रूट पर प्रतिदिन तीन जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें सत्संग नगर हॉल्ट पर भी रुकेंगी. जसीडीह से ट्रेनें सुबह 4:25 बजे, दोपहर 1:40 बजे और रात 9:25 बजे रवाना होंगी. वहीं बैद्यनाथ धाम से वापसी ट्रेनें सुबह 4:55 बजे, दोपहर 2:07 बजे और रात 10:05 बजे चलेंगी.

रेलवे ने देवघर और जसीडीह के बीच भी प्रतिदिन एक जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. देवघर से ट्रेन सुबह 8:40 बजे रवाना होकर 9 बजे जसीडीह पहुंचेगी. वापसी में जसीडीह से रात 10:40 बजे प्रस्थान कर 11 बजे देवघर पहुंचेगी.

बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के बाद बासुकीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जसीडीह-बासुकीनाथ मार्ग पर प्रतिदिन तीन जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी. ये ट्रेनें रास्ते के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी. जसीडीह से ट्रेनें सुबह 9:20 बजे, दोपहर 12:50 बजे और शाम 7:10 बजे चलेंगी. वहीं बासुकीनाथ से वापसी सेवाएं सुबह 11:10 बजे, शाम 5:30 बजे और रात 9 बजे उपलब्ध रहेंगी. इसके अलावा बासुकीनाथ और देवघर के बीच भी प्रतिदिन एक जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. बासुकीनाथ से दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर ट्रेन 3:40 बजे देवघर पहुंचेगी, जबकि देवघर से शाम 4 बजे चलकर 5 बजे बासुकीनाथ पहुंचेगी.

श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार जमालपुर-देवघर और गोड्डा-देवघर के बीच विशेष पैसेंजर ट्रेनें भी संचालित की जाएंगी. इससे भागलपुर, जमालपुर, गोड्डा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी.

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव और परिचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें. साथ ही स्टेशन और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखें तथा रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें. रेलवे का विश्वास है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की भीड़ का बेहतर प्रबंधन होगा और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, सहज और आरामदायक बनेगी.