Jharkhand

श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारी, 40 DSP समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारी, 40 DSP समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

देवघर(DEOGHAR): श्रावणी मेला-2026 को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है जहां बैद्यनाथ धाम में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र के लिए विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई है. इस योजना के तहत पूरे मेला क्षेत्र को 21 अस्थायी मेला ओपी और 13 अस्थायी यातायात ओपी में विभाजित किया गया है. इसके अलावा कंट्रोल रूम, उमा भवन, मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार तथा स्पेशल क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) सहित नौ महत्वपूर्ण स्थानों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 40 डीएसपी और तीन इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं. सभी अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात संचालन की निगरानी का दायित्व दिया गया है. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरे मेले का संचालन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से हो. अधिकारियों को अपने-अपने सेक्टर में लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी और मानव संसाधनों के बेहतर समन्वय के साथ लागू किया जाएगा. मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों, प्रवेश एवं निकास द्वारों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग से ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम को दें, ताकि श्रावणी मेला 2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.