देवघर (DEOGHAR) : राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं की संख्या और बाबा बैद्यनाथ मंदिर की आय में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 30 जुलाई से शुरू हुए श्रावणी मेले में 12 अगस्त तक कुल 28 लाख 33 हजार 634 कांवरियों ने बाबा मंदिर में जलार्पण किया है. इस दौरान बाबा मंदिर को विभिन्न स्रोतों से कुल 3 करोड़ 54 लाख 59 हजार 11 रुपये की आय हुई है. यह जानकारी आरएल सर्राफ स्कूल परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दी गई.
श्रद्धालुओं की संख्या में करीब 20 फीसदी का इजाफा
देवघर उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में करीब 20 फीसदी का इजाफा हुआ है. उन्होंने कहा कि दूसरी सोमवारी की तरह आगामी सोमवारी को भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी. प्रशासन की कोशिश है कि कांवरियों को जलार्पण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. वहीं, देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि दूसरी सोमवारी को कांवरिया रूट लाइन के कुछ प्रेशर प्वाइंट पर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा था. इसे देखते हुए आगामी सोमवारी के लिए पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.
शिकायतों के समाधान के लिए मेला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की शिकायतों के समाधान के लिए मेला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है. श्रद्धालु 18008914161 और 18008894131 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्रशासन के मुताबिक नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार शिकायतों का निष्पादन किया जा रहा है. एसपी ने बताया कि पिछले सप्ताह चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं. मेला क्षेत्र में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की सतर्कता बढ़ाई गई है.
रिपोर्ट – प्रशांत कुमार
