देवघर (DEOGHAR): विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 30 जुलाई से 21 अगस्त तक 51 लाख 12 हजार 531 श्रद्धालु बाबा मंदिर पहुंचकर जलार्पण कर चुके हैं. पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या के साथ मंदिर की आमदनी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. प्रशासन के अनुसार, कुल श्रद्धालुओं में 24 लाख 95 हजार 540 ने आंतरिक अर्घा के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित किया. वहीं, 24 लाख 26 हजार 104 श्रद्धालुओं ने बाह्य अर्घा की व्यवस्था का लाभ उठाया. शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से 1 लाख 90 हजार 887 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और जलार्पण किया.
बाबा मंदिर की आय 8.23 करोड़ रुपये के पार
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर बाबा मंदिर की आय पर भी दिखाई दिया है. विभिन्न स्रोतों से अब तक मंदिर को 8 करोड़ 23 लाख 47 हजार 741 रुपये की आमदनी हुई है. श्रावणी मेले की तीसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने ये आंकड़े साझा किए. प्रशासन अब चौथी और अंतिम सोमवारी पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने में जुट गया है.एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. ड्यूटी में लापरवाही के मामलों में अब तक 64 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि 31 कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है. मोबाइल चोरी के मामलों में नौ आरोपियों को जेल भेजा गया है और पुलिस अब तक 144 मोबाइल बरामद कर चुकी है.
देवघरवासियों को मिल सकती है नि:शुल्क शीघ्र दर्शन की सुविधा
जिला प्रशासन स्थानीय निवासियों के लिए सावन में विशेष व्यवस्था शुरू करने की तैयारी में है. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत देवघर के नागरिक पहचान पत्र दिखाकर शीघ्र दर्शनम के रास्ते निःशुल्क जलार्पण कर सकेंगे. संभावना है कि यह सुविधा आगामी बुधवार से उपलब्ध कराई जाए. इसका उद्देश्य उन स्थानीय श्रद्धालुओं को राहत देना है, जिन्हें सावन में दर्शन के लिए सामान्य कतार में घंटों इंतजार करना या 600 रुपये का शीघ्र दर्शनम कूपन लेना पड़ता है.
रिपोर्ट – प्रशांत कुमार
