Jharkhand

देवघर में पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर का शुभारंभ,CM हिमंत बिस्वा सरमा ने किया उद्घाटन

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

 

देवघर: देवघर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई. बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के सहयोग से पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर का  शुभारंभ किया गया. अस्पताल का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दीप प्रज्वलित कर, फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया.
इस मौके पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर के सीईओ गौतम खन्ना, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन अनामिका गौतम समेत कई अतिथि मौजूद रहे.

बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर के सहयोग से शुरू किए गए इस बहु-विशेषज्ञता अस्पताल का उद्देश्य देवघर और संताल परगना क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है. अस्पताल में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इस संस्थान को भविष्य में 650 बेड वाले मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज से जुड़े संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना है. 

इसके शुरू होने से देवघर समेत पूरे संताल परगना क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है.

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम करना भी इस पहल के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है.उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह अस्पताल संताल परगना के लिए आस्था और सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा. उन्होंने कहा कि संस्थान के माध्यम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

उन्होंने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और अनामिका गौतम की पहल का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है.अस्पताल को “एक स्वस्थ भविष्य, एक सशक्त समुदाय के लिए” की भावना से जोड़ा गया है. इसके शुभारंभ के साथ देवघर में आधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार