Jharkhand

श्रावणी मेले से पहले निशिकांत दुबे का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- सात साल में नहीं हुई प्राधिकरण की एक भी बैठक

Diksha Benipuri
Copy Editor
श्रावणी मेले से पहले निशिकांत दुबे का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- सात साल में नहीं हुई प्राधिकरण की एक भी बैठक

DEOGHAR: आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार पर बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम के विकास को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इन दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के समुचित विकास के प्रति गंभीर नहीं है. सांसद का कहना है कि बाबा बैद्यनाथ धाम-बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकरण की पिछले सात वर्षों में एक भी बैठक नहीं बुलाई गई, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकार इस दिशा में अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रही है.

श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को श्राइन बोर्ड की बैठक प्रस्तावित थी. शुरुआत में इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को करनी थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव किया गया और अब यह बैठक पर्यटन मंत्री की मौजूदगी में आयोजित होने की जानकारी दी गई. इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे दिल्ली से देवघर पहुंचे. बैठक से पहले उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि सरकार वास्तव में मंदिरों के विकास को लेकर गंभीर होती तो प्राधिकरण की नियमित बैठकें आयोजित की जातीं.

निशिकांत दुबे ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक बाबा बैद्यनाथ धाम-बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकरण की एक भी बैठक नहीं होना चिंताजनक है. उनके अनुसार, किसी भी विकास योजना को आगे बढ़ाने के लिए नियमित समीक्षा और निर्णय आवश्यक होते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अधर में लटकी हुई हैं. उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के निकट क्यू कॉम्प्लेक्स और कांवरिया पथ पर आध्यात्मिक केंद्र के निर्माण हेतु करोड़ों रुपये उपलब्ध कराए थे. हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण इन परियोजनाओं का काम अब तक पूरा नहीं हो सका.

सांसद ने यह भी कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रावणी मेला बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद और स्थानीय लोगों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी. साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि तीर्थ क्षेत्र के विकास से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के रूप में और अधिक विकसित हो सकें.

रिपोर्ट: ऋतुराज सिन्हा