Jharkhand

सावन में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, 4 अगस्त से देवघर और दुमका में शुरू होगी हेलिकॉप्टर सेवा

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

देवघर (DEOGHAR):  सावन का महीना शुरू हो चुका है और श्रावणी मेला कि भी तैयारियां पूरी हो चुकी है. ऐसे में  सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस बार बड़ी राहत मिलने जा रही है. झारखंड सरकार ने देवघर और दुमका में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का फैसला किया है. इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आदेश जारी कर दिया है. सरकार के अनुसार यह सेवा 4 अगस्त से शुरू होगी और श्रद्धालु एडवांस टिकट बुक कर इसका लाभ उठा सकेंगे. हेलिकॉप्टर सेवा के लिए प्रति व्यक्ति किराया 2850 रुपये से 4500 रुपये तक निर्धारित किया गया है. टिकट बुकिंग काउंटर और हेलीपैड की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी देवघर जिला प्रशासन को सौंपी गई है.

श्रावणी मेला के दौरान शुरू की जा रही इस सेवा के लिए राज्य सरकार ने बेल-407 हेलिकॉप्टर का चयन किया है. एक उड़ान में एक पायलट के साथ अधिकतम पांच यात्री सफर कर सकेंगे. यह सेवा चार अलग-अलग श्रेणियों में संचालित की जाएगी ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें. हेलिकॉप्टर सेवा के संचालन की जिम्मेदारी मेसर्स एयरकैब एविशन प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है. हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि सेवा का औपचारिक उद्घाटन कौन करेगा. विभागीय स्तर पर मुख्यमंत्री से इस संबंध में संपर्क किया जा रहा है.

हेलिकॉप्टर सेवा के सफल संचालन के लिए कैप्टन अमितेष आनंद को देवघर में विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है. वे हेलीपैड, टिकट बुकिंग काउंटर, अस्थायी कार्यालय, प्रचार-प्रसार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. देवघर उपायुक्त को अस्थायी हेलीपैड तैयार कराने, नागर विमानन प्रभाग के साथ समन्वय स्थापित करने और विभागीय प्रतिनिधि के लिए वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. सरकार का मानना है कि इस नई सुविधा से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगी. साथ ही श्रावणी मेला के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में भी यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.