Jharkhand

देवघर में लुटेरों पर पुलिस का शिकंजा, टोटो लूटकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है जो सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे. बता दें, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुण्डा थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी सुमित कुमार मंडल और लीलाम्बर मंडल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से अपने साथियों के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर लोगों को डराकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे. इनकी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही थी और हालिया घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी.

पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ योगिडीह इलाके में एक टोटो चालक को निशाना बनाया था. आरोपियों ने चालक से टोटो, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी तथा मौके से फरार हो गए थे. घटना के बाद पीड़ित टोटो चालक ने कुण्डा थाना में मामला दर्ज कराया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच शुरू की. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

इसके साथ ही सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई टोटो, उसकी बैटरी, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों का भी खुलासा किया जा सके.