Jharkhand

देवघर में मुखिया के ठिकानों पर IT की बड़ी कार्रवाई, सुबह-सुबह दो ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): झारखंड के देवघर जिले में शनिवार सुबह आयकर विभाग (आईटी) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया. मोहनपुर प्रखंड की बलथर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के दो ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ छापेमारी शुरू की. कार्रवाई सुबह से लगातार जारी है और अधिकारियों की टीम दस्तावेजों व वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, भागलपुर, धनबाद और देवघर से पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने बलथर गांव स्थित मुखिया के पैतृक आवास के अलावा देवघर शहर के बैजनाथपुर मोहल्ले में स्थित उनके आवास पर एक साथ दबिश दी. दोनों स्थानों पर अधिकारियों की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हुई हैं.

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई बिहार से जुड़े एक आयकर मामले के संबंध में की जा रही है. हालांकि विभाग ने अब तक छापेमारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य वित्तीय अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रही है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. दोनों परिसरों पर एक दर्जन से अधिक आयकर अधिकारी और सशस्त्र सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं. बताया जा रहा है कि सुरक्षा में लगाए गए अधिकांश जवान बिहार से आए हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो.

इस कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी. वहीं जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच भी इस छापेमारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय स्तर पर इसे आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. फिलहाल छापेमारी जारी है और विभाग को जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. आयकर विभाग की ओर से भी अब तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद विभाग इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा कर सकता है.

रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा