Jharkhand

श्रावणी मेले में देवघर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 साइबर आरोपी गिरफ्तार

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटी देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने जिले के पत्थरड्डा ओपी क्षेत्र में अभियान चलाकर कथित साइबर ठगी में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 22 मोबाइल फोन और 19 सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस अब आरोपियों से मिले मोबाइल और सिम के आधार पर उनके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है.

गुप्त सूचना पर साइबर पुलिस की कार्रवाई 

पुलिस के अनुसार, देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर को साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद साइबर पुलिस की टीम ने पत्थरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और कथित साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की तकनीकी जांच भी की जा रही है. इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह ने कितने लोगों को निशाना बनाया और इनके तार किन अन्य लोगों से जुड़े हैं.

बैक प्रतिनिधि बनकर हासिल करते थे गोपनीय जानकारी 

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर कस्टमर केयर कर्मचारी या बैंक प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क करते थे. बातचीत के दौरान विश्वास हासिल करने के बाद बैंकिंग से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर UPI और ई-वॉलेट के माध्यम से रुपये ट्रांसफर करने का प्रयास किया जाता था.

इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर APK फाइल भेजने और उसके जरिए बैंक खातों तक पहुंच बनाने का तरीका भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है.

पत्थरड्डा क्षेत्र के आठ आरोपी 

गिरफ्तार आरोपियों में लोबिन दास, बबलू कुमार दास, झूलन दास, सफाउला अंसारी, अजीत दास, रमेश कुमार दास, आशीष दास और सिंटु कुमार दास पत्थरड्डा ओपी क्षेत्र के बताए गए हैं. वहीं अजय कुमार दास देवीपुर थाना क्षेत्र और राहुल करौं थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है.

पुलिस के मुताबिक, अजय कुमार दास और रमेश कुमार दास के खिलाफ पहले भी इसी प्रकृति के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. पूछताछ और प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है.

रिपोर्ट - प्रशांत कुमार