Jharkhand

सावन मेले से पहले देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: श्रद्धालुओं को बंदूक दिखाकर लूटने वाला बिहार का बदमाश गिरफ्तार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले देवघर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राहगीरों और श्रद्धालुओं को बंदूक के बल पर लूटने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी की पहचान बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र निवासी विष्णु यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है.

30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले को देखते हुए देवघर पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटी है. हर साल सावन के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. इसी भीड़ का फायदा उठाने के लिए विभिन्न राज्यों से आपराधिक तत्व भी जिले में सक्रिय हो जाते हैं और श्रद्धालुओं को निशाना बनाने की कोशिश करते हैं.

पुलिस के अनुसार, मोहनपुर थाना क्षेत्र में विष्णु यादव राहगीरों और वाहनों को रोककर हथियार के बल पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहा था. घटना की सूचना मिलते ही देवघर के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण पुष्कर ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक कारतूस और लूट का मोबाइल फोन बरामद किया गया. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ देवघर जिले के रिखिया थाना में पहले से भी लूटपाट से जुड़े मामले दर्ज हैं.

एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सावन हो या सामान्य दिन, देवघर पुलिस हर यात्री की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जिले में अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. श्रावणी मेले से पहले हुई इस कार्रवाई को पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता मान रही है. इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होने की उम्मीद है.

रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा