Jharkhand

बारिश के बीच देवघर पहुंची JPSC-JSSC भर्ती सुधार यात्रा, युवाओं ने बुलंद की बदलाव की आवाज

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

देवघर(DEOGHAR): झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नियुक्तियों की व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रही JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 31 अगस्त 2026 को देवघर पहुंची. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और युवा इस अभियान में शामिल हुए और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की मांग उठाई.

नगर पुस्तकालय से शुरू हुआ पैदल मार्च 

देवघर में यात्रा की शुरुआत नगर पुस्तकालय से पैदल मार्च के रूप में हुई. इसमें शामिल छात्र और युवा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए टावर चौक पहुंचे. यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. इसके बाद यात्रा अंबेडकर पुस्तकालय की ओर आगे बढ़ी.इस दौरान लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद प्रतिभागी यात्रा में बने रहे. युवाओं ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते हुए कहा कि सरकारी भर्ती प्रक्रिया में सुधार उनके भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है.

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की उठी मांग 

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने JPSC और JSSC से जुड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, समयबद्धता और बेहतर व्यवस्था की मांग प्रमुखता से रखी. प्रतिभागियों का कहना था कि नियुक्ति प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे अभ्यर्थियों का भरोसा कायम रहे और योग्य उम्मीदवारों को समय पर अवसर मिल सके.यात्रा में शामिल युवाओं ने संघर्ष को आगे जारी रखने का संकल्प भी दोहराया. उनका कहना था कि यह अभियान केवल सरकारी नौकरी हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य, अवसर और अधिकार से भी जुड़ा है.

देवघर के बाद मधुपुर पहुंची यात्रा

देवघर में कार्यक्रम पूरा होने के बाद यात्रा मधुपुर पहुंची. यहां अंबेडकर चौक और कोर्ट मोड़ पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया. सभाओं के माध्यम से छात्रों और युवाओं ने भर्ती प्रणाली में सुधार और निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग रखी. इसके बाद थाना के समीप स्थित निर्मल महतो चौक पर माल्यार्पण किया गया. मधुपुर का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव धनबाद के लिए रवाना हो गई.

24 जिलों तक अभियान पहुंचाने की तैयारी 

झारखंड के सभी 24 जिलों को जोड़ने के उद्देश्य से चल रही इस यात्रा के जरिए आयोजक भर्ती व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर युवाओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं. देवघर और मधुपुर में हुए कार्यक्रमों में भी इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया.

रिपोर्ट – प्रशांत कुमार