Jharkhand

श्रावणी मेला की सुरक्षा को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, 69 DSP स्तर के अधिकारियों की हुई तैनाती

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राजकीय श्रावणी मेला को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस सेवा के 69 पुलिस उपाधीक्षक और वरीय पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को 25 जुलाई से 31 अगस्त तक देवघर, दुमका और रेल धनबाद में तैनात किया गया है. प्रतिनियुक्त किए गए अधिकारियों में झारखंड सशस्त्र पुलिस, आईआरबी, एसटीएफ, एटीएस, विशेष शाखा, जंगल वारफेयर स्कूल समेत कई अन्य पुलिस इकाइयों में कार्यरत अधिकारी शामिल हैं.

श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है. बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती की गई है.

सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को 25 जुलाई को संबंधित पुलिस अधीक्षक के सामने योगदान देने का निर्देश दिया गया है. पुलिस मुख्यालय ने यह भी कहा है कि अगर कोई अधिकारी अवकाश या किसी अन्य जरूरी कार्य के कारण ड्यूटी पर उपलब्ध नहीं रहता है तो संबंधित नियंत्रण अधिकारी उसकी जगह दूसरे अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करेंगे.

मेला समाप्त होने के बाद संबंधित पुलिस अधीक्षक सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजने की व्यवस्था करेंगे.

पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर भीड़ प्रबंधन को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.