देवघर (DEOGHAR): जिले में इन दिनों पवित्र श्रावणी मेला आयोजित हो रहा है. मासव्यापी श्रावणी मेले को देखते हुए शहर में शराब की दुकानों को बंद रखा गया है. इसके बावजूद नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया इलाके में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही थी. सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त की है. पुलिस ने इस मामले में किराना दुकानदार नंदू महथा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
किराना दुकान से चोरी-छिपे शराब बेची जा रही थी
जानकारी के अनुसार, बरमसिया में सरकारी शराब दुकान के बगल में स्थित एक किराना दुकान से चोरी-छिपे शराब बेची जा रही थी. श्रावणी मेले के दौरान शराब की बिक्री बंद होने का फायदा उठाकर दुकानदार ग्राहकों से ऊंची कीमत वसूल रहा था. इसकी गुप्त सूचना नगर थाना की पुलिस को मिली. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान में छापेमारी की.पुलिस को देखते ही किराना दुकानदार नंदू महथा मौके से भागने का प्रयास करने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया. इसके बाद दुकान की तलाशी ली गई जहां से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई.
दुकान से क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने दुकान से Sterling Reserve B7 180ml की 10 और 375ml की 11 बोतलें, Royal Challenge 375ml की 15 और 180ml की 17 बोतलें बरामद कीं. इसके अलावा Royal Stag 375ml की 12 और 180ml की 10 बोतलें, Iconiq White 180ml की 44 बोतलें तथा Godfather Beer 500ml की 15 बोतलें जब्त की गईं.इस तरह पुलिस ने कुल 134 बोतल और कैन शराब व बीयर जब्त किए हैं. पुलिस ने आरोपी नंदू महथा को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया. श्रावणी मेले के दौरान शराब की बिक्री पर रोक के बावजूद अवैध कारोबार सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है.
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार
