Jharkhand

पति-पत्नी के विवाद ने लिया खूनी रूप, झगड़े में पत्नी की मौत, पति गंभीर

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): जिले से एक घटना सामने आई है जहां जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर ग्राम पंचायत में पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया. इस हिंसक घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच मारपीट होने लगी. इसी दौरान घर में मौजूद उनका बेटा झगड़ा शांत कराने के लिए बीच में आया. माता-पिता के बीच चल रहे विवाद को रोकने के प्रयास में बेटे ने पिता को धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

मृतका की बड़ी बेटी के अनुसार, उसके माता-पिता के बीच पहले विवाद हुआ और इसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान उसकी मां की जान चली गई. हालांकि, महिला की मौत किस वजह से हुई और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी पूरी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जसीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू की है. वहीं, घायल पति की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.

घटना के बाद मानिकपुर गांव में तनाव और चर्चा का माहौल है. पुलिस अब विवाद की शुरुआत से लेकर महिला की मौत तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और मारपीट के दौरान कौन-कौन सी घटनाएं हुईं. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में भी इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

TagsCRIME