देवघर (DEOGHAR): जिले में देवघर-सारठ मुख्य मार्ग (NH-114A) पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मणिगढ़ी मिडिल स्कूल के पास तेज टक्कर के बाद एक कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी. हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए.
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार
जियाखाड़ा और मणिगढ़ी के बीच एक हुंडई i10 कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. कार में प्रीतम पांजा, उनकी पत्नी और एक मासूम बच्ची सवार थे. प्रीतम पांजा पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के आरामबाग थाना क्षेत्र के घुघली के रहने वाले बताए जा रहे हैं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में प्रीतम पांजा और उनकी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
JLKM जिला अध्यक्ष ने पहुंचकर की मदद
घटना की सूचना मिलते ही JLKM के देवघर जिला अध्यक्ष चंदन वर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय थाना को हादसे की जानकारी दी और पीड़ित परिवार के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना से अवगत कराया. इसके बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा मणिगढ़ी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मणिगढ़ी के पास का इलाका दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील बन गया है. यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं. इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं. लोगों ने संबंधित विभाग से इस स्थान का निरीक्षण कर जरूरी कदम उठाने की मांग की है.
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक इस मार्ग पर हादसे होते रहेंगे? क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? स्थानीय लोगों की मांग है कि सड़क पर उचित संकेतक और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार