देवघर (DEOGHAR): जिले के सारठ प्रखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है. प्रखंड क्षेत्र के रोहनिया चौक गांव में बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया. मकान के मलबे में वहां बंधे कई मवेशी दब गए. हादसे में दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए.
मूसलाधार बारिश के बीच अचानक गिरा मकान
जानकारी के अनुसार रोहनिया चौक गांव निवासी कामदेव महतो का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था. क्षेत्र में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने के बीच मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा. घटना इतनी तेजी से हुई कि मकान के अंदर बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका और वे मलबे के नीचे दब गए. मकान गिरने की तेज आवाज सुनते ही आसपास रहने वाले ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर उसके नीचे फंसे मवेशियों को बाहर निकालने का प्रयास किया.
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर मवेशियों को निकाला
काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे मवेशियों को बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक दो मवेशियों की मौत हो चुकी थी. चार अन्य मवेशी घायल अवस्था में मिले. घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है. पशुओं की मौत और मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार को दोहरा नुकसान उठाना पड़ा है. हादसे के बाद पीड़ित कामदेव महतो ने सरकारी सहायता की मांग की है. उन्होंने सारठ प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी और आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.
पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन घटना और नुकसान का आकलन कर जल्द आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा. लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों के लिए भी ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.
रिपोर्ट – प्रशांत कुमार
