Jharkhand

त्योहारों के बीच रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी! देवघर से तीन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें स्केड्यूल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. जन्माष्टमी और भाद्र पूर्णिमा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है. इन ट्रेनों के जरिए जमालपुर, गोड्डा और सुल्तानगंज से देवघर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी. रेलवे के अनुसार 03442/03441 जमालपुर–देवघर–जमालपुर पैसेंजर स्पेशल 6, 13, 20 और 27 सितंबर को चलेगी. 03442 जमालपुर से सुबह 5:10 बजे रवाना होकर 10:10 बजे देवघर पहुंचेगी, जबकि वापसी में 03441 देवघर से दोपहर 3:45 बजे चलकर रात 10:25 बजे जमालपुर पहुंचेगी.

इसके अलावा 03444/03443 देवघर–गोड्डा–देवघर पैसेंजर स्पेशल का भी परिचालन निर्धारित किया गया है. 03444 देवघर से सुबह 10:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे गोड्डा पहुंचेगी. वापसी में 03443 गोड्डा से दोपहर 1:15 बजे चलेगी और 3:20 बजे देवघर पहुंचेगी. देवघर और गोड्डा के बीच चलने वाली यह विशेष ट्रेन भी 6, 13, 20 और 27 सितंबर को यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी. रेलवे का यह कदम त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभालने और यात्रियों को सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है.

यात्रियों की सुविधा के लिए देवघर–सुल्तानगंज रूट पर भी मेमू स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. 03575 देवघर–सुल्तानगंज मेमू स्पेशल देवघर से शाम 5:30 बजे रवाना होकर रात 9:25 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी. यह ट्रेन 3 और 25 सितंबर को चलेगी. वहीं 03576 सुल्तानगंज–देवघर मेमू स्पेशल सुबह 5:45 बजे सुल्तानगंज से रवाना होकर 9:35 बजे देवघर पहुंचेगी. यह ट्रेन 4 और 26 सितंबर को संचालित होगी. रेलवे के मुताबिक, इन सभी स्पेशल ट्रेनों का ठहराव मार्ग में पड़ने वाले सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर होगा. इससे त्योहार के दौरान देवघर आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.