देवघर(DEOGHAR): बाबा बैद्यनाथ मंदिर के आसपास दुकानदारों से रंगदारी वसूलने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कुख्यात अपराधी गौरव झा और निहाल मिश्रा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आए थे.लेकिन जेल से छूटने के बाद फिर से आपराधिक वारदात को अंजाम देने लगे.
देवघर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम होने के कारण यहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है. श्रद्धालुओं पर निर्भर सैकड़ों दुकानदार मंदिर के आसपास अपना कारोबार करते हैं. पुलिस के मुताबिक दुकानदारों से गौरव झा और निहाल मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ मिल कर रंगदारी की मांग करते थे.
आरोप है कि रंगदारी नहीं देने पर दुकानदारों को बंदूक दिखाकर डराया-धमकाया जाता था और मारपीट के साथ हत्या की धमकी भी दी जाती थी. खासकर श्रावण और भादो महीने में अस्थायी दुकानदारों के बीच भय पैदा कर रंगदारी वसूले जाने की शिकायतें पुलिस को मिली थीं.
कुछ दुकानदारों ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया. पुलिस की दबिश बढ़ने पर दोनों आरोपी देवघर छोड़कर जमशेदपुर चले गए. पुलिस के मुताबिक, वे वहां से दूसरे राज्य भागने की फिराक में थे. इसी दौरान देवघर पुलिस ने जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी क्वार्टर में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
एसपी ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि कुंडा थाना क्षेत्र के एक हत्या मामले में दोनों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी और वे हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे. पूछताछ में दोनों ने अपने सहयोगी विक्रम कुमार चौरसिया की संलिप्तता की बात भी बताई, जिसके बाद पुलिस ने विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, रंगदारी और धमकी के लिए पिस्टल का इस्तेमाल किया जाता था. मारपीट की घटनाओं के बाद सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी जबरन ले जाने का आरोप है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक श्मशान से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. वहीं, विक्रम कुमार चौरसिया के घर से सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर बरामद किया गया है. एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि देवघर में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
देवघर - प्रशांत कुमार
