Jharkhand

देवघर में चार साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी POCSO एक्ट में गिरफ्तार

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

देवघर(DEOGHAR): जिले के एक गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. चितरा थाना क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय आरोपी नरेश सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.

घर लौटी मां तो रोती मिली बच्ची

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार घटना 8 सितंबर की सुबह की है. बच्ची की मां अपने एक साल के बेटे और चार साल की बेटी को घर में छोड़कर कुछ समय के लिए बाहर गई थीं. जब वह वापस लौटीं तो आरोपी को घर से बाहर निकलते देखा. घर के अंदर बच्ची रो रही थी.

बच्ची पहले से बीमार थी, इसलिए शुरुआत में परिवार उसकी परेशानी को बीमारी से जोड़कर देखता रहा.

डरी-सहमी रहने लगी बच्ची

परिजनों के अनुसार घटना के बाद बच्ची की तबीयत ठीक नहीं हुई और उसके व्यवहार में भी बदलाव दिखाई देने लगा. वह डरी-सहमी रहने लगी. इलाज के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हुई तो मां ने बच्ची से उसकी परेशानी के बारे में पूछा.

बच्ची से मिली जानकारी के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और चितरा थाने में लिखित शिकायत दी.

आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी नरेश सोरेन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

वहीं बच्ची को पुलिस की निगरानी में मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. अब पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

रिपोर्ट - प्रशांत कुमार