☰
Jharkhand

देवघर में साइबर ठगी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर बनकर लगाता थाचूना

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं. ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं. ऐसा ही एक मामला देवघर से सामने आया है. यहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि ये लोग फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे.

डकाय जंगल में चल रहा था ठगी का खेल

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में कुछ लोग मोबाइल के जरिए साइबर ठगी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई. इसके बाद इलाके में छापेमारी की गई, जहां से पांच संदिग्धों को पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम कुमार दास, विकास कुमार महरा, अशोक महरा, मणिक कुमार मंडल और अजीत दास के रूप में हुई है.

कैशबैक का लालच देकर बनाते थे शिकार

पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड से साइबर ठगी से जुड़े सबूत मिले हैं. पूछताछ में ठगी के कई तरीकों की जानकारी सामने आई है. आरोपी खुद को गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर लोगों को कैशबैक और दूसरे ऑफर का लालच देते थे. इस बहाने वे लोगों से जरूरी जानकारी हासिल कर ठगी करते थे.

APK फाइल भेजकर मोबाइल तक पहुंच बनाते थे
आरोपियों पर प्रधानमंत्री किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजने का भी आरोप है. लोग जैसे ही इन फाइलों को अपने मोबाइल में डाउनलोड करते थे, ठग उनके फोन तक पहुंच बनाने की कोशिश करते थे. इसके बाद बैंक और डिजिटल पेमेंट से जुड़ी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर ठगी की जाती थी. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसके तार किन अन्य लोगों से जुड़े हैं.