देवघर (DEOGHAR): झारखंड टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के निर्देश पर रविवार को देवघर के डेफोडिल गार्डन में जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ की विशेष बैठक सह चुनाव का आयोजन किया गया. नेशनल स्पोर्ट्स कोड के तहत हुई चुनाव प्रक्रिया में संघ के पुनर्गठन पर चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया. चुनाव झारखंड टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष सह गोड्डा जिला सचिव और राज्य पर्यवेक्षक सुरजीत झा की मौजूदगी में संपन्न हुआ. बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने की, जबकि संचालन निवर्तमान सचिव संजीव झा ने किया.
नई कार्यकारिणी में प्रेम कुमार केशरी को संरक्षक और संजीव कुमार झा को सीईओ की जिम्मेदारी दी गई. वहीं प्रेमशंकर सिंह को अध्यक्ष और वरिष्ठ टेनिस बॉल क्रिकेटर मनीष कुमार को सचिव चुना गया. रवि कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया. उपाध्यक्ष पद के लिए ऋतुराज सिन्हा, राजीव रंजन, मुकेश सिंह, अभिजीत सिंह और बबिता आनंद का निर्विरोध चयन हुआ. संयुक्त सचिव के पद पर रवि तिवारी, हेमंत कुमार यादव, ऋतुराज, साकेत रमन सिंह और खुशी देव को जिम्मेदारी दी गई. इसके अलावा कार्यकारिणी समिति में भोला सिंह, साकेत रमन सिंह, अंकित पांडे, कृष्णा कोयरी, ज्योति सिंह, राहुल शाही, जितेंद्र यादव, विनय कुमार और मनोज कुमार मिश्रा को शामिल किया गया.
चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संघ की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही. बैठक में देवघर जिले में टेनिस बॉल क्रिकेट को और मजबूत एवं व्यवस्थित करने, खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर चर्चा हुई. राज्य पर्यवेक्षक सुरजीत झा ने नई कमेटी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों के हित में बेहतर माहौल तैयार करने पर जोर दिया. बैठक के अंत में खिलाड़ियों और सदस्यों ने नई कमेटी को बधाई देते हुए देवघर में टेनिस बॉल क्रिकेट के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार
