Jharkhand

देवघर पुलिस ने डकैती की साजिश नाकाम की, दो बदमाश गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

DEOGHAR: देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं. जबकि मौके का फायदा उठाकर चार अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ लेते हुए फरार हो गए. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. सूचना थी कि कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह स्थित सरकंडा जंगल के पास कुछ अपराधी हथियारों के साथ इकट्ठा होकर डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.निर्देश के बाद कुंडा और देवीपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल के आसपास घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि दो बदमाशों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र निवासी अनर पासवान और देवघर के चांदडीह निवासी अविनाश साह के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के पास से एक देशी कट्टा, दो 8 एमएम के जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं. बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है.सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है. इनके खिलाफ पहले भी डकैती, लूट और छिनतई जैसे कई मामले दर्ज हैं. पूछताछ के दौरान पुलिस इनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं फरार चार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर रोक लगाई जा सके.

रिपोर्ट: ऋतुराज सिन्हा