DEOGHAR:देवघर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है.
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा तालाब के समीप दो युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से मौजूद हैं. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से चिंटू पासी और कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 7.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई. इसके अलावा दो आईफोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपित लंबे समय से देवघर जिले में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़े हुए थे. जब्त किए गए मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके.
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. इन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस अधीक्षक ने जिले के लोगों से नशीले पदार्थों से दूर रहने और इस तरह की किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट:ऋतुराज सिन्हा
