☰
Jharkhand

देवघर: अगले साल होगा कबड्डी का गोल्ड कप मैच, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लेंगे भाग

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर (DEOGHAR):  जिला कबड्डी संघ, देवघर की ओर से स्थानीय इनडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला आर मित्रा स्कूल, देवघर और सारवां के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में आर मित्रा स्कूल की टीम विजयी रही. वहीं बालक वर्ग में  देवघर फाइटर और सारवां की टीम भिड़ी. कड़े मुकाबले में देवघर फाइटर की टीम विजयी रही. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ सह जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने रनर और विनर दोनों टीम और उनके खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. डॉ. सुनील खवाड़े ने घोषणा की कि फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली दोनों टीमों को 11-11 हजार रुपए और से सारवां टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सुजीत को 5 हजार नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा. खिलाड़ियों को नगद राशि एक नवंबर को इनडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में प्रदान की जाएगी.

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि जल्द ही देवघर में कबड्डी का गोल्ड कप होगा. हमलोगों का प्रयास है कि नए साल की पहले तिमाही में गोल्ड कप का आयोजन हो, जिसमें राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय स्तर के कबड्डी के खिलाड़ी देवघर आकर यहां की टीमों का उत्सवर्धन करेंगे. फाइनल मुकाबले से पूर्व मुख्य अतिथि डॉ सुनील खवाड़े ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, इसके बाद दोनों टीमों में अपने-अपने खेल का प्रदर्शन किया.

मौके पर जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष संजय मालवीय, जिला कबड्डी संघ के सचिव धर्मेंद्र देव, ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष नवीन शर्मा, आशुतोष कुमार उर्फ जिमी, जिला कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव अशरफ अली खान, प्रकाश भारद्वाज, टिंकू खवाड़े, मनोज पांडेय, दीपक दुबे, रोहित आदि मौजूद थे. निर्णायक की भूमिका में ललित कुमार झा, रोहित कुमार मिश्रा, अमित राउत, दुर्गेश कुमार, विक्रम कुमार, कौशल  कुमार, नितेश झा उर्फ साजन ने सक्रिय भूमिका निभाई.

रिपोर्ट- प्रशांत कुमार