Jharkhand

देवघर: शादी से पहले उठी अर्थी, सड़क हादसे में दूल्हे समेत दो दोस्तों की मौत, परिजनों का हुआ बुरा हाल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

देवघर(DEOGHAR): जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फ़ाइल गई. रिखिया थाना क्षेत्र के लुटियातरी गांव निवासी बबलू कुमार सिंह की शादी आगामी 6 जुलाई को जामताड़ा में होने वाली थी. परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और घर में खुशियों का माहौल था. बबलू सूरत में काम करता था और शादी की तैयारियों के लिए कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था. वह अपने परिवार के साथ शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और बारात की तैयारी को लेकर काफी उत्साहित था. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.

जानकारी के अनुसार, बबलू अपने दोस्त प्रदीप के साथ किसी जरूरी काम से मोहनपुर गया था. काम पूरा करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान डुमरिया के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.

इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शवों से लिपटकर रोने लगे. जिस घर से कुछ दिनों बाद बारात निकलने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है. पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार के सपनों को चंद पलों में तोड़ दिया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.

रिपोर्ट- ऋतुराज सिन्हा