देवघर(DEOGHAR): शहर में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. नगर थाना और साइबर थाना के बीच स्थित सेंट्रल मॉल के आसपास लगातार मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. मॉल परिसर में स्मार्ट बाजार, जियो समेत कई ब्रांडेड शोरूम, होटल और रेस्टोरेंट हैं, जिसके कारण रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं. इनमें काफी संख्या दोपहिया वाहन से आने वाले लोगों की होती है. बताया जा रहा है कि साइबर थाना से कुछ ही दूरी पर वाहन खड़े करने के बाद लोग अपने काम से चले जाते हैं, लेकिन वापस लौटने पर कई बार उनकी बाइक मौके से गायब मिलती है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में मॉल के आसपास से कई मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं. दावा है कि पिछले चार दिनों में करीब आधा दर्जन बाइक चोरी हुई हैं. चोरी की घटनाओं के बाद पीड़ित थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं और वाहन की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि थाना नजदीक होने के बावजूद चोरों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है. बाइक चोरी का शिकार सिर्फ आम लोग ही नहीं हुए हैं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के वाहन भी चोरी होने की बात सामने आई है.
लगातार हो रही घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर थाना और भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक इलाके के आसपास से ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के दूसरे हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है. अब सवाल यह है कि साइबर थाना के इतने करीब होने के बावजूद बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है? क्या चोरों के गिरोह की पहचान करने और चोरी की बाइक बरामद करने के लिए पुलिस कोई विशेष अभियान चलाएगी? फिलहाल लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई और बाइक चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी है.
