देवघर (DEOGHAR): जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में 25 अक्टूबर 2026 को डेफोडिल गार्डन तिवारी चौक देवघर में एक दिवसीय बाबू वेदानंद सिंह ट्रॉफी 18वीं देवघर जिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसकी जानकारी देवघर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने दी.
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में कुश्ती खेल को बढ़ावा देना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा युवा खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है. इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के पहलवान विभिन्न वजन वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. 50किलो से ऊपर के पहलवान देवघर केशरी/देवघर किशोरी के लिए भिड़ेंगे, विजेता को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी दी जाएगी.
बालक वर्ग में 35, 40, 45, 50, 55, 60, 65, 70, 75 एवं 75 किलोग्राम से अधिक वजन वर्ग में मुकाबले होंगे. वहीं, बालिका वर्ग में 30, 35, 38, 42, 46, 50, 54, 58, 63 एवं 63 किलोग्राम से अधिक वजन वर्ग में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.
अभिजीत कुमार ने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक भी है. इस आयोजन के माध्यम से जिले के उभरते पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
उन्होंने जिले के सभी पहलवानों, खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में भाग लेने तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की. देवघर जिला कुश्ती संघ ने विश्वास जताया कि यह आयोजन जिले में कुश्ती के विकास और नई खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा.
रिपोर्ट : प्रशांत कुमार
