☰
Jharkhand

कार्तिक पूर्णिमा पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

देवघर (DEOGHAR): कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देवघर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. पवित्र पर्व को लेकर सुबह से ही बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर में भक्तों की चहल-पहल बनी रही और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय हो गया.

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, बंगाल और अन्य दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए देवघर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन किया और जलार्पण कर परिवार की सुख, शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की. पर्व को लेकर भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला.

मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है. इसी आस्था के साथ भक्तों ने पूरे विधि-विधान से पूजा की और बाबा बैद्यनाथ के चरणों में शीश नवाया. मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान भी किए गए.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण बाबा मंदिर परिसर दिनभर गुलजार रहा. मंदिर के आसपास का क्षेत्र भी भक्तों की आवाजाही से भरा रहा. भक्तों के मुख से लगातार निकल रहे हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों ने पूरे देवघर को शिवमय बना दिया. कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था, विश्वास और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार