देवघर (DEOGHAR) : देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो संदिग्ध खोया जब्त किया है. यह कार्रवाई क्लब ग्राउंड के पीछे स्थित एक मकान में संचालित फैक्ट्री में की गई. विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार खोया बरामद किया जिसकी मौके पर प्रारंभिक जांच की गई.
वेजिटेबल ऑयल का मिश्रण होने के संकेत
जांच के दौरान अधिकारियों को खोया में दूध, मिल्क पाउडर और रिफाइंड के साथ-साथ वेजिटेबल ऑयल का मिश्रण होने के संकेत मिले. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, शुद्ध खोया बनाने में इस तरह के मिश्रण का उपयोग नियमों के विरुद्ध है और यह उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है.
खोया के नमूने लैब टेस्ट के लिए भेजे गए
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए खोया के नमूने सुरक्षित तरीके से लेकर प्रयोगशाला जांच (लैब टेस्ट) के लिए भेज दिए गए हैं. अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खोया पूरी तरह मिलावटी है या नहीं. रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फैक्ट्री संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विभाग की खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर
खाद्य सुरक्षा विभाग के जांच अधिकारी ने बताया कि विभाग लगातार बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखे हुए है. त्योहारों के मौसम और बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंच सके.
अधिकारियों ने आम लोगों से भी की अपील
फिलहाल फैक्ट्री संचालक को मिलावटी खोया का उपयोग या निर्माण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है. विभाग ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता का ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की मिलावट की जानकारी मिलने पर तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें.
रिपोर्ट - प्रशांत कुमार
