टीएनपी डेस्क(TNP DESK): माता-पिता का साया किसी भी बच्चे के लिए सबसे बड़ी ताकत होता है. लेकिन जब किसी बच्चे के सिर से यह साया उठ जाता है, तो उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है, इसके साथ ही उनके सामने बल्कि आर्थिक चुनौतियां भी खड़ी हो जाती हैं. ऐसे कठिन समय में झारखंड सरकार की श्रमिक अनाथ पेंशन योजना उन बच्चों के लिए सहारा बनने का प्रयास करती है, जिनके माता-पिता निर्माण श्रमिक थे और अब इस दुनिया में नहीं हैं. यह योजना अनाथ बच्चों को आर्थिक सहायता देकर उनके जीवन और भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जाती है.
झारखंड श्रमिक अनाथ पेंशन योजना क्या है
झारखंड श्रमिक अनाथ पेंशन योजना राज्य सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तहत संचालित एक योजना है. यह योजना उन अनाथ बच्चों के लिए बनाई गई है, जिनके माता या पिता झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (JBOCWWB) में पंजीकृत श्रमिक थे और पेंशन प्राप्त कर रहे थे. ऐसे श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके अनाथ बच्चों को परिवार पेंशन का लाभ दिया जाता है.
योजना का उद्देश्य
इस योजना का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों के उन बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, जो माता-पिता की मृत्यु के बाद असुरक्षित स्थिति में पहुंच जाते हैं. सरकार चाहती है कि आर्थिक तंगी के कारण इन बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और जीवन-यापन प्रभावित न हो.
किसे मिलता है लाभ
योजना का लाभ पाने के लिए कुछ आवश्यक शर्तें निर्धारित की गई हैं, मृतक श्रमिक झारखंड का निवासी होना चाहिए. श्रमिक का पंजीकरण झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में होना चाहिए. श्रमिक पेंशन योजना का लाभार्थी रहा हो. श्रमिक की मृत्यु के बाद उसके अनाथ बच्चे योजना के पात्र होते हैं. पेंशन का लाभ 18 वर्ष से कम आयु के अनाथ बच्चों को दिया जाता है.
कितनी मिलती है सहायता
योजना के तहत श्रमिक को 1,000 प्रति माह मिलता है पेंशन की राशि उसके 18 साल से कम उम्र के सभी अनाथ बच्चों के बीच समान रूप से बांटी जाती है. यानी यदि एक से अधिक बच्चे हैं, तो उपलब्ध पेंशन राशि सभी पात्र बच्चों में बराबर हिस्सों में वितरित की जाती है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ सकती है, मृतक श्रमिक का पंजीकरण प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र या आयु प्रमाण, आधार कार्ड, बैंक खाता, निवास प्रमाण पत्र
आवेदन कैसे करें
पात्र लाभार्थी या उनके अभिभावक झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अथवा श्रम विभाग के निर्धारित पोर्टल और कार्यालयों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद विभागीय जांच की जाती है. पात्रता सत्यापित होने पर योजना का लाभ स्वीकृत किया जाता है.
क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना
निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक अक्सर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं. परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु के बाद बच्चों के सामने शिक्षा और जीवन-यापन का संकट खड़ा हो सकता है. ऐसे में श्रमिक अनाथ पेंशन योजना इन बच्चों को आर्थिक सहारा देने के साथ-साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास करती है. यह योजना सामाजिक सुरक्षा के दायरे को मजबूत करने और श्रमिक परिवारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है.
झारखंड श्रमिक अनाथ पेंशन योजना उन बच्चों के लिए उम्मीद की किरण है, जिन्होंने कम उम्र में अपने माता-पिता को खो दिया है. आर्थिक सहायता भले ही उनकी भावनात्मक कमी को पूरा नहीं कर सकती, लेकिन यह उनके जीवन को आगे बढ़ाने और बेहतर भविष्य की राह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
