चतरा (CHATRA): जिले के कुंदा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. कुंदा चौक के बरवाडीह गांव में एक युवक ने कथित तौर पर दो जहरीले सांपों को पकड़कर सबके सामने चबा-चबा कर खा लिया. इस घटना को देखने वाले ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई. हालांकि राहत की बात यह है कि इस खतरनाक हरकत के बावजूद युवक की जान सुरक्षित है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, बरवाडीह गांव निवासी बुधन भारती ने अचानक दो सांपों को पकड़ लिया. इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उसने दोनों सांपों को मुंह में डालकर चबाना शुरू कर दिया. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण दंग रह गए. किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि कोई व्यक्ति इस तरह का जोखिम भरा कदम उठा सकता है.
घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजनों में हड़कंप मच गया. किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित परिवार के लोगों ने तुरंत स्थानीय मुखिया मनोज कुमार साहू को जानकारी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखिया ने तत्काल वाहन की व्यवस्था कर युवक को इलाज के लिए प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. अस्पताल में चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुमार संजीव ने युवक की जांच और प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बताया कि युवक फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी स्थिति सामान्य है. एहतियात के तौर पर उसे कुछ समय तक निगरानी में रहने और आराम करने की सलाह दी गई है.
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब बुधन भारती से पूछा गया तो उसने चौंकाने वाला जवाब दिया. युवक का कहना था कि वह लोगों के मन से सांपों का डर दूर करना चाहता था. उसने यह भी दावा किया कि उसने अन्य देशों में लोगों द्वारा सांप खाने के बारे में सुना था, जिससे प्रेरित होकर उसने ऐसा कदम उठाया. हालांकि डॉक्टरों ने युवक को सुरक्षित बताया है, लेकिन इस घटना के बाद गांव के लोगों और परिजनों के बीच अब भी डर और चिंता का माहौल बना हुआ है. ग्रामीण इस अजीब और जोखिम भरी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
