चतरा (CHATRA): जिले की संघरी घाटी में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के शिवाडी गांव निवासी 40 वर्षीय महेंद्र प्रसाद महतो के रूप में की गई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि महेंद्र प्रसाद महतो एनटीपीसी (NTPC) क्षेत्र से कोयला चुनकर उसे अपनी बाइक पर लादकर बेचने के लिए चतरा आ रहे थे. इसी दौरान संघरी घाटी के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.
आपको बता दें, यह सड़क दुर्घटना इतनी भयानक थी कि टक्कर लगते ही महेंद्र प्रसाद महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और उनकी मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जो कोयला बेचकर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे. अचानक हुई इस असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने बताया कि मृतक के दो स्कूली बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की जानकारी मिलते ही चतरा सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. इस दर्दनाक हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने संघरी घाटी में बढ़ते हादसों को रोकने के लिए भारी वाहनों के लिए एक अलग वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की अपील की है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस घाटी में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण आए दिन ऐसी जानलेवा दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिसके लिए प्रशासन को सड़क सुरक्षा के कड़े और प्रभावी कदम उठाने की सख्त जरूरत है. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच में जुट गई है.
