Jharkhand

चतरा: स्कूल जाने की तैयारी कर रहे टीचर की करंट लगने से मौत, घर में पसरा मातम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

चतरा (CHATRA): चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हादसे में एक सहायक अध्यापक की जान चली गई. तिलहेत पंचायत के भलुआहा गांव निवासी अशोक यादव की मौत घर में बिजली का करंट लगने से हो गई. जानकारी के अनुसार, अशोक यादव विद्यालय जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान वह घर में बिजली प्रवाहित तार के संपर्क में आ गए. करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद घर में मातम पसर गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अशोक यादव की मौत हो चुकी थी. अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना की खबर क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचने लगे. अशोक यादव के निधन की सूचना मिलने के बाद प्रखंड क्षेत्र के सहायक अध्यापकों में भी शोक की लहर दौड़ गई. साथी शिक्षकों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया. शिक्षकों ने कहा कि अशोक यादव अपने विद्यालय के प्रति जिम्मेदार और समर्पित शिक्षक थे. उनके अचानक चले जाने से परिवार के साथ-साथ शिक्षा जगत को भी गहरा आघात पहुंचा है. एक शिक्षक का इस तरह असमय निधन पूरे शिक्षक समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. हादसे की खबर से गांव में भी मातम का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं.

इधर, सहायक अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष उदय कुमार सिंह ने अशोक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में संघ और सभी सहायक अध्यापक शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.