चतरा(CHATRA): हमारा देश कितना भी मॉडर्न हो जाए लेकिन आज भी गाँव कस्बों से अंधविश्वास की ऐसी ऐसी खबर सामने आती है जिसे सुनकर हैरानी होती है. चतरा से ऐसी ही अंध विश्वास का मामला सामने आया है. दरअसल, थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, बच्ची की हत्या तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के इरादे से दीपावली की अमावस्या की रात की गई थी. इस मामले में बच्ची की अपनी मौसी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, बिहार का रहने वाला एक मौलाना मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है.
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को बच्ची की मां सिताबिया देवी ने प्रतापपुर थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद कांड संख्या 103/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई. पुलिस ने 13 नवंबर को बच्ची का शव घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया.
मौसी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी. पुलिस के मुताबिक, उसने अपने भैंसुर बिंदु भारती और उसके बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. इसके पीछे दीपावली की अमावस्या की रात बलि देने और सिद्धि प्राप्त करने का उद्देश्य बताया गया है. बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पुराना विवाद भी जांच में सामने आया है.
मौके से खून लगी हंसुआ बरामद
पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के घर से लाल रंग की टूटी चूड़ी, बाली, खून लगा प्लास्टिक, सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप, हल्दी, खून लगी हंसुआ, करणी और लोहे की छेनी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में सोहरी देवी, बिंदु भारती और जुगेश भारती शामिल हैं. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, फरार मौलाना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
