Jharkhand

चतरा में नक्सली नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मनोहर गंझु के सहयोगी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

चतरा (CHATRA): झारखंड के चतरा जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लावालौंग थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मनोहर गंझु के कथित सहयोगी कुलदीप गंझु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार था और नक्सली गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में रहकर उन्हें सहयोग पहुंचा रहा था. यह कार्रवाई लावालौंग थाना कांड संख्या 63/2022, दिनांक 18 नवंबर 2022 से जुड़े मामले में की गई है. आरोपी के खिलाफ CLA एक्ट की धारा 17(i)(ii) के तहत मामला दर्ज है.

नक्सली अमर सिंह भोक्ता से थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कुलदीप गंझु की वर्ष 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए नक्सली अमर सिंह भोक्ता से करीबी दोस्ती थी. पुलिस का दावा है कि इसी पुराने संपर्क के जरिए कुलदीप का बाद में फरार चल रहे मनोहर गंझु से संपर्क हुआ. इसके बाद वह कथित तौर पर मनोहर गंझु के लिए काम करने लगा. पुलिस के मुताबिक, कुलदीप नक्सली नेटवर्क से जुड़े लोगों के लिए खाने-पीने समेत अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने में मदद करता था.

लेवी से जुड़े मामलों में भी भूमिका का आरोप
पुलिस का आरोप है कि कुलदीप गंझु इलाके में अपना प्रभाव बनाए हुए था और ठेकेदारों तथा मनोहर गंझु के बीच लेवी की रकम के सेटलमेंट में भी भूमिका निभाता था. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के मुताबिक, कुलदीप पहले भी NDPS एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है. उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नक्सली नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही है.

पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
गिरफ्तारी के लिए लावालौंग थाना पुलिस की टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलियों और उनके समर्थकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप गंझु, पिता मुकुंद गंझु, निवासी सिल्दाग, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में हुई है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि इलाके में नक्सल गतिविधियों और उन्हें किसी भी तरह का सहयोग देने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.