Jharkhand

चतरा में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और कार की सीधी टक्कर, 8 लोग घायल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

चतरा(CHATRA): चतरा-डोभी राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सदर थाना क्षेत्र के सेरेगाड़ा के पास टाटा नेक्सन कार और शिवानी रथ यात्री बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में करीब 8 लोग घायल हो गए. वहीं कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं.

आमने-सामने टकराए कार और बस

हादसा दोपहर करीब 1:15 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दोनों वाहनों से बाहर निकाला गया.

कार चालक की हालत गंभीर

हादसे में टाटा नेक्सन कार चालक को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है. वह ठीक से चलने-फिरने की स्थिति में नहीं था. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

सड़क पर लगा जाम

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़े होने से यातायात प्रभावित हुआ.घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को संभाला और सड़क से वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास शुरू किया.फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या वाहन नियंत्रण बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है.