Jharkhand

चतरा: 16 लाख की विदेशी शराब जब्त, भूसे के नीचे छिपाकर बिहार भेजी जा रही थी खेप

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

चतरा (CHATRA): जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कि है जहां उन्होंने करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस के अनुसार, शराब की यह खेप ट्रक में धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार भेजी जा रही थी. कार्रवाई के दौरान तस्करों ने वाहन जांच कर रही पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. पुलिस के पीछा करने पर ट्रक चालक तेज रफ्तार से भागने लगा, लेकिन संघरी घाटी मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया.

सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में विदेशी शराब चतरा के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. शेरेगड़ा के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश करते हुए फरार होने का प्रयास किया.

दुर्घटनास्थल पर ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को धान के भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप मिली. ट्रक पलटने से भूसा हट गया और शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं. पुलिस ने मौके से कुल 3700 बोतल विदेशी शराब जब्त की. एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी. पुलिस ने जल्द पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है.