चतरा(CHATRA): जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मठ अनन्तपुर गांव में 32 वर्षीय विक्रम सिंह का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे. बताया गया कि शाम करीब छह बजे तक जब विक्रम दिखाई नहीं दिया, तो उसके दोस्तों और ग्रामीणों को शक हुआ. इसके बाद उन्होंने कमरे की जांच करने का फैसला किया. कमरे का दरवाजा बंद होने पर खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया, जहां विक्रम का शव सीलिंग फैन से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला. उसके बाद घटना की जानकारी तुरंत प्रतापपुर थाना पुलिस को दी गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. वहीं, मृतक के परिजनों ने विक्रम की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का आरोप है कि विक्रम की मौत सामान्य आत्महत्या का मामला नहीं हो सकती. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने तथा यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर ही विक्रम की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस परिजनों की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.
